नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में प्रचंड गर्मी और लू का प्रकोप तेज हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। प्रयागराज और आगरा मंडल में रेड अलर्ट जारी है, जबकि लखनऊ में येलो अलर्ट है। अगले तीन दिनों तक इन क्षेत्रों में रेड अलर्ट बना रहेगा, उसके बाद ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा।
प्रदेश में अधिकांश जगहों पर अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। IMD ने लोगों से अपील की है कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। अगर निकलना जरूरी हो तो सिर ढककर निकलें, पानी की बोतल साथ रखें और समय-समय पर पानी पीते रहें।
– महाराष्ट्र: विदर्भ क्षेत्र (खासकर अमरावती और आसपास के जिलों) में आज और कल के लिए रेड अलर्ट जारी। कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।
– पंजाब-हरियाणा: जम्मू-कश्मीर में मौसम बदलाव के कारण गुरदासपुर और अमृतसर जैसे कुछ जिलों में दो दिनों में तापमान में थोड़ी गिरावट और राहत की संभावना है। हालांकि, बाकी हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी।
IMD अधिकारियों ने आम जनता से भीषण गर्मी में सावधानी बरतने की अपील की है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
देश के कई हिस्सों में पिछले चार दिनों से तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है और इस गर्मी का सिलसिला अभी जारी रहने वाला है।