बालोद। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में उन्होंने भारत सरकार द्वारा सरकारी कर्मचारियों के कार्यक्षमता, जवाबदेही एवं नागरिक केन्द्रित सेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई ’आईगोट कर्मयोगी’ पोर्टल में अपने अधीनस्थ सभी अधिकारी-कर्मचारियों के आॅनबोर्डिंग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ’आईगोट कर्मयोगी’ पोर्टल में विभागवार आॅनबोर्डिंग के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ सभी अधिकारी-कर्मचारियों का शीघ्र आनबोर्डिंग कराने के निर्देश दिए। मिश्रा ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारी-कर्मचारियों को 15 अप्रैल तक ’आईगोट कर्मयोगी’ पोर्टल में आॅनबोर्डिंग कराना अनिवार्य है। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारियों के वार्षिक वेतन वृद्धि के लिए उन्हें आईगोट कर्मयोगी पोर्टल में आनबोर्डिंग कराना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा अधिकारी-कर्मचारियों के वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट में भी इसकी जानकारी अंकित की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में मिश्रा ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय सिंह कंवर से मौजूदा शिक्षा सत्र से दल्लीराजहरा में प्रयास आवासीय विद्यालय प्रारंभ करने हेतु की जा रही कार्यवाही के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को प्रयास आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास के लिए चयनित भवन का समुचित रंगरोगन, साज-सज्जा तथा भवन में जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता आदि सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मिश्रा ने विभागवार जीएसटी रिटर्न के कार्य की भी समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने जिला मुख्यालय बालोद में सड़क चैड़ीकरण एवं हाईमास्ट लाईट लगाने आदि कार्य के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी ली। बैठक में मिश्रा ने गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम खुरसुनी में 23 अप्रैल को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर के आयोजन के तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने जल संचय, जनभागीदारी अभियान 2.0 के कार्य के अंतर्गत जिले में निर्मित किए जा रहे जल संरचनाओं की जेएसजेबी पोर्टल में किए जा रहे एंट्री कार्य की भी जानकारी ली। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को इस कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले में चलाए जा रहे सघन वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत रोपे गए पौधों की समुचित देखभाल हेतु विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे उपायों की भी जानकारी ली। मिश्रा ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभागों के अंतर्गत रोपे गए पौधों की देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी से जिले में बाल विवाह की रोकथाम सुनिश्चित करने हेतु किए जा रहे उपायों तथा इनकी समुचित प्रचार-प्रसार के संबंध में जानकारी ली। मिश्रा ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को अक्षय तृतीया के आगमन को देखते हुए आम जनता को बाल विवाह की दुष्प्रभावों की जानकारी प्रदान करने हेतु समुचित प्रचार-प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में ज्ञान भारतम् राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश भी दिए।