कलेक्टर ने आधी रात जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

राजनांदगांव। राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव ने रविवार रात जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आधी रात को अचानक अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी और इमरजेंसी से लेकर वार्डों तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की साफ-सफाई, वार्डों की स्थिति और दवाइयों की उपलब्धता का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने आपातकालीन सेवाओं की तत्परता देखने के लिए इमरजेंसी वार्ड का दौरा किया।
इसके साथ ही ओपीडी, अलग-अलग वार्डों में भर्ती मरीजों की सुविधाओं और दवा वितरण कक्ष में आवश्यक दवाओं के स्टॉक व वितरण प्रक्रिया की समीक्षा की।
कलेक्टर ने केवल कागजी व्यवस्थाओं का ही जायजा नहीं लिया, बल्कि वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने मरीजों से उपचार की समयबद्धता और स्टाफ के व्यवहार के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर उपचार और निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराना अस्पताल की बुनियादी जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और सख्ती के निर्देश
उन्होंने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। कलेक्टर ने उन्हें मुस्तैदी के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिला अस्पताल में आने वाली आम जनता को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।