महासमुंद। महासमुंद जिले की कोमाखान पुलिस ने 23 लाख 65 हजार रुपए कीमत का 47 किलो गांजा जब्त किया है। तस्कर वाहन की सीट के नीचे गांजा छिपाकर ओडिशा के कालाहांडी से मुंगेली में खपाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इस मामले में बलांगीर (ओडिशा) के 4 तस्करों और मुंगेली के 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स द्वारा गांजा तस्करी के खिलाफ एंड-टू-एंड एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन, सोर्स और डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिले में पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक (CG 04 QS 4806) में चार लोग ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर नाकेबंदी की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध ट्रक खरियार रोड (ओडिशा) की ओर से आता दिखा, जिसे रोककर पूछताछ की गई। ट्रक चालक ने अपना नाम मोहम्मद मिराज (25), निवासी वार्ड-13 देवनपाड़ा, टिटलागढ़, जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया। चालक के पास बैठे दो विधि से संघर्षरत बालक और केबिन में मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने अपना नाम रोहित पोंड (21), निवासी वार्ड-7 जगन्नाथपाड़ा, टिटलागढ़ बताया।