डेयरी में गंदगी देख अफसर हैरान; कई खाद्य पदार्थों के सैंपल जब्त

रायगढ़। रायगढ़ जिले में खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के पहले ही दिन शहर के कई होटल, भोजनालय, बेकरी और डेयरी प्रतिष्ठानों की जांच में खामियां सामने आईं। सबसे बड़ी कार्रवाई एसपी ऑफिस के नजदीक स्थित हॉट चिप्स में हुई, जहां खाद्य सामग्री तैयार करने के लिए तेल का बार-बार इस्तेमाल किए जाने पर विभागीय टीम ने करीब 30 लीटर तेल मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
इतना ही नहीं, शहर के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों से पनीर, सब्जी, चावल, दाल, मिठाई, कुकीज और बिस्किट सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने भी एकत्र किए गए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच के दौरान साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों में कमी मिलने पर संबंधित संचालकों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। हॉट चिप्स में बार-बार गर्म हो रहा था तेल, विभाग ने तुरंत की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास संचालित हॉट चिप्स पहुंची, तो वहां खाने की सामग्री तैयार करने में पहले से इस्तेमाल किए जा चुके तेल का दोबारा उपयोग किए जाने की जानकारी सामने आई। विभागीय अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए लगभग 30 लीटर इस्तेमाल किया हुआ तेल मौके पर नष्ट करवा दिया। संचालक को रसोई में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा संबंधी आवश्यक नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।