रायपुर, 15 जुलाई 2026 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बरडीह में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। अब गांव के सभी 431 परिवारों को घर-घर नल के माध्यम से नियमित रूप से शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हुआ है।
जिला मुख्यालय अंबिकापुर से लगभग 37 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बरडीह में पहले महिलाओं और बच्चों को पेयजल के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। पानी लाने में काफी समय और श्रम लगता था तथा स्वच्छ पेयजल के अभाव में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बनी रहती थीं। जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक पाइपलाइन बिछाकर घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे अब ग्रामीणों को घर पर ही स्वच्छ पेयजल मिल रहा है।
ग्राम पंचायत की सरपंच रजमेन सिंह ने बताया कि जल जीवन मिशन से गांव की सबसे बड़ी समस्या का समाधान हुआ है। घर-घर नल कनेक्शन मिलने से महिलाओं को विशेष राहत मिली है और अब वे अपने समय का उपयोग परिवार, बच्चों की शिक्षा तथा अन्य उत्पादक कार्यों में कर पा रही हैं।

शुद्ध पेयजल की नियमित उपलब्धता से गांव में जलजनित बीमारियों में कमी आई है तथा स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीणों को समय-समय पर जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल के उपयोग और स्वच्छता संबंधी जानकारी भी दी जा रही है, जिससे जल स्रोतों के संरक्षण और सतत उपयोग की भावना को भी बढ़ावा मिल रहा है।
ग्राम बरडीह के ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन को अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली योजना बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने से उनका जीवन अधिक सहज, सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है तथा गांव में खुशहाली और बेहतर स्वास्थ्य का वातावरण विकसित हुआ है।