बालोद। बालोद जिले के शिकारीपारा निवासी और रंगमया परिवार कोड़ेवा के संचालक कलाकार राजू उर्फ प्रेम कुमार साहू (33) का दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया। इस घटना से कला जगत सहित स्थानीय समुदाय में शोक है। राजू साहू ने अपनी कला के माध्यम से रंगमया परिवार कोड़ेवा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया था। यह घटना शनिवार को हुई।
अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ, फिर मौत
युवक राजू साहू घोटिया क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। दर्द इतना तीव्र था कि वे बाइक से गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाया और आनन-फानन में गुरुर के अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कला जगत में शोक की लहर
राजू के निधन की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अपने बेटे के शव की पहचान करने के लिए उनके पिता रूपराम साहू और माता बाइक से गुरुर अस्पताल जा रहे थे। दुर्भाग्यवश, रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दुर्घटना में राजू के माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना से परिवार पर दोहरा आघात हुआ है। शनिवार को शहर के मुक्तिधाम में नम आंखों से राजू का अंतिम संस्कार किया गया। इसमें बड़ी संख्या में कलाप्रेमी, मित्र और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कम उम्र में एक प्रतिभाशाली कलाकार की यह क्षति दिनभर शहर में गहरी संवेदना और चर्चा का विषय बनी रही।
प्रेम साहू का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह 11 बजे सीतानगर स्थित निवास लाया गया। घायल माता-पिता को भी एंबुलेंस से अंतिम दर्शन के लिए घर पहुंचाया गया। दोनों स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के सहारे अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। जवान बेटे को अंतिम बार देखते ही उनका दर्द छलक पड़ा और वे फूट-फूटकर रोने लगे। यह हृदयविदारक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।