नई दिल्ली। सोमनाथ मंदिर में ‘अमृत पर्व’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन निर्धारित है। इस कार्यक्रम के लिए विभिन्न राज्यों से कलाकार और दूर-दराज के स्थानों से आए दर्शक एकत्रित हुए हैं।
एक महिला कलाकार ने न्यूज़ एजेंसी से बातचीत में कहा, “आज हमारे लिए बहुत ही खास दिन है, क्योंकि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात आ रहे हैं। हमारी टीम पोरबंदर से उनका स्वागत करने आई है।”
एक अन्य महिला कलाकार ने कहा, “हम यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए आए हैं। हमारी तैयारियां लगभग पूरी हैं।”
गुजरात राज्य लोक कला महासंघ के अध्यक्ष ने कहा कि गुजरात सरकार के विभाग ने 220 कलाकारों को आमंत्रित किया है। हमारे प्रधानमंत्री यहां पधार रहे हैं और महादेव सोमनाथ के पुनर्निर्माण को 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। इस उत्सव में ये सभी 220 कलाकार अपनी-अपनी कलाओं का प्रदर्शन करेंगे।
वहीं, एक व्यक्ति ने कहा, “आज, जब प्रधानमंत्री जी पधार रहे हैं, तो उनके सम्मान में ये सभी सांस्कृतिक समूह और मंडलियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। हम उनका स्वागत करते हैं और इस अवसर को हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं।”
सोमनाथ मंदिर में पहली बार दर्शन करने पहुंची एक महिला ने कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है। हम लोग रविवार को सोमनाथ पहुंचे थे। यहां आने के बाद हमें पता चला कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां आ रहे हैं। हम बहुत उत्साहित हैं।”