तिल्दा-नेवरा। तिल्दा-नेवरा इलाके में एक युवक की गुमशुदगी का मामला सनसनीखेज हत्या में बदल गया। पत्नी के साथ प्रेम संबंध होने के संदेह में एक व्यक्ति ने अपने भतीजे के साथ मिलकर 22 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को सीमेंट के पोल से बांधा और तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। छत्तीसगढ़ पर्यटन गाइड मामला ग्राम बेमता का है। यहां रहने वाले धनेश पाल ने 14 नवंबर को थाना तिल्दा-नेवरा में अपने बेटे पुरुषोत्तम पाल (22) के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बेटा दोपहर करीब 3:30 बजे बेमता ईंट भट्ठे के पास से अचानक गायब हो गया था। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव का ही शंकर पाल अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम के बीच प्रेम संबंध होने का संदेह करता था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद हो चुका था। घटना वाले दिन शंकर पाल और उसका भतीजा किशन उर्फ पिंटू यादव भी पुरुषोत्तम के साथ देखे गए थे। मृतक के दो दोस्तों ने भी इस बात की पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस का शक दोनों पर गहराया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान किशन यादव ने अपने चाचा शंकर पाल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाने की बात कबूल की। आरोपियों ने पुरुषोत्तम को निशाना बनाकर उस पर टंगिया से सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने वारदात छिपाने की कोशिश की। उन्होंने शव को सीमेंट के पोल से बांधा और ग्राम बेमता के मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तालाब से शव बरामद किया। शव पर धारदार हथियार से किए गए हमले के निशान मिले। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टंगिया, मृतक का डंडा और मृतक सहित दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में शंकर पाल उर्फ राजू (38) और किशन यादव उर्फ पिंटू यादव (20) को बीएनएस की धारा 140(3), 103(1), 238(क), 61(2)(क) और 3(5) के तहत गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।