बलरामपुर। बलरामपुर जिले के वन परिक्षेत्र राजपुर में जंगली हाथी के हमले में 53 साल के ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुटरूंग कौशिक पिता गोहन्दुल कौशिक के रूप में हुई है। घटना रात करीब 7:05 बजे की है।
घटना वन परिक्षेत्र राजपुर के उप परिक्षेत्र बरियों अंतर्गत ग्राम परसवारकला के बड़खापारा की है। वन विभाग के अनुसार सुटरूंग कौशिक परिवार से नाराज होकर शराब के नशे में अपनी बेटी के घर जा रहे थे।
बेटी के घर पहुंचने से पहले महान नदी पार करते समय उनका सामना जंगली कबरा हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद हाथी ग्राम रेवतपुर की ओर होते हुए जंगल की तरफ चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही जंगली हाथियों की निगरानी और ग्रामीणों को जागरूक करने में लगे वन कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। रात होने के कारण अगले दिन पुलिस ने मौका पंचनामा और मर्ग इंटिमेशन की कार्रवाई की।
परिवार को 6 लाख की सहायता
वन विभाग ने बताया कि मृतक की वैध उत्तराधिकारी पत्नी कुलेश्वरी कौशिक को तत्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए दिए गए हैं। शेष 5 लाख 75 हजार रुपए की राशि जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी।
गज संकेत ऐप से ग्रामीणों को किया जा रहा अलर्ट
वन विभाग के अनुसार हाथी प्रभावित गांवों में ग्रामीणों को रोजाना गज संकेत ऐप और स्थानीय वाट्सऐप ग्रुप के जरिए हाथियों की गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है। वन कर्मचारी और हाथी मित्र दल के सदस्य लगातार निगरानी कर रहे हैं। ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।