नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर फिलीपींस के लिए रवाना होंगे। इस दौरान वे 23वें ‘एसोसिएशन ऑफ साउथईस्ट एशियन नेशंस’ (आसियान)-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईस्ट एशिया समिट) में भाग लेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत-आसियान संबंध भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और इंडो-पैसिफिक दृष्टिकोण का केंद्रीय स्तंभ हैं। यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब दोनों पक्ष 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं। अगले साल 2027 में संवाद संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 सहित व्यापक रणनीतिक साझेदारी के कार्यान्वयन की समीक्षा की जाएगी और सहयोग की भविष्य की दिशा तय की जाएगी। पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा का अवसर मिलेगा।
मनीला में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर द्वारा गणमान्य व्यक्तियों के लिए आयोजित रात्रिभोज शामिल है। अगले दिन आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन होंगे। इनके बीच अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी।
विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि आसियान भारत का प्रमुख व्यापारिक भागीदार बन चुका है। पूरे क्षेत्र के साथ व्यापार लगभग 122 अरब डॉलर का है। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर देश के रूप में दक्षिण पूर्व एशियाई समुद्री क्षेत्र से सटे भारत के लिए आसियान देशों के साथ मजबूत रणनीतिक संबंध दोनों पक्षों के हित में हैं। यह रिश्ता भू-राजनीतिक बदलावों से निपटने और एशिया में शांति-स्थिरता बढ़ाने में मदद करेगा।
टंडन ने पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन को आसियान के नेतृत्व वाला अनोखा मंच बताया, जहां नेता अनौपचारिक माहौल में वैश्विक सुरक्षा और आम मुद्दों पर चर्चा करते हैं। इस साल की प्रक्रिया का नेतृत्व फिलीपींस कर रहा है, इसलिए बैठक मनीला में हो रही है। उन्होंने आसियान की सामूहिक कूटनीति की सफलता को उल्लेखनीय बताया। इस साल के आसियान शिखर सम्मेलन और प्रक्रियाओं का विषय ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ रखा गया है।