नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष का नेतृत्व पूरा करने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई नेताओं ने बधाई दी है। नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्र प्रथम की भावना, जनसेवा, सुशासन, विकास और भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने के प्रयासों को रेखांकित करते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानसेवक तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्षों की यात्रा में राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जनसेवा और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कालखंड नहीं, बल्कि स्पष्ट विजन, दृढ़ संकल्प और आधुनिक भारत के निर्माण का ऐतिहासिक अध्याय है।
नितिन नबीन ने कहा कि हर चुनौती को अवसर में बदलना, ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ के संकल्प को सिद्ध करना और भारत को वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना प्रधानमंत्री के अथक परिश्रम और अटूट संकल्प-शक्ति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके यशस्वी नेतृत्व में ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक स्वप्न को साकार करने की यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूरे होना अद्भुत, अभूतपूर्व, अकल्पनीय और ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह यात्रा आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के महायज्ञ तक पहुंची है। शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के परिश्रम, प्रयत्न, धैर्य और उत्साह को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनके साथ सहयोगी के रूप में काम करना अपने आप में सौभाग्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि वे निरंतर देश का नेतृत्व करते हुए जनकल्याण और विकसित भारत के निर्माण में जुटे रहें।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सफर 2001 में एक छोटी शुरुआत से लेकर 2014 में देशव्यापी बदलाव और अब 2026 में वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की यात्रा महत्वाकांक्षा, बड़े पैमाने पर किए गए कार्यों और ठोस प्रगति से भरी रही है। फडणवीस ने निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल सशक्तिकरण, कल्याणकारी योजनाओं, रक्षा, उद्योग, वित्तीय समावेश और वैश्विक नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में देश की प्रगति को प्रधानमंत्री के नेतृत्व की अहम उपलब्धियों के रूप में रेखांकित किया।