लोकायन-26 अभियान के तहत अमेरिका के बाल्टीमोर पहुंचा आईएनएस सुदर्शनी, समुद्री सहयोग को मिलेगा बल

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना का नौकायन प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शनी ऐतिहासिक समुद्री अभियान ‘लोकायन-26’ के तहत 26 जून 2026 को अमेरिका के मैरीलैंड स्थित बाल्टीमोर बंदरगाह पहुंचा। नॉरफ़ॉक से बाल्टीमोर तक की यात्रा के दौरान पोत ऐतिहासिक चेसापीक एवं डेलावेयर (सी एंड डी) नहर और मध्य-अटलांटिक क्षेत्र के प्रमुख पुलों के नीचे से होकर गुजरा।
आईएनएस सुदर्शनी की बाल्टीमोर यात्रा भारत की समृद्ध समुद्री विरासत और भारतीय नौसेना तथा अमेरिकी नौसेना के बीच मजबूत मित्रता एवं सहयोग का प्रतीक मानी जा रही है। इस दौरान पोत अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘सेल250 मैरीलैंड’ समारोह से पहले विभिन्न समुद्री और सामुदायिक संपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेगा।
बाल्टीमोर पहुंचने से पहले आईएनएस सुदर्शनी ने 19 से 23 जून 2026 तक नॉरफ़ॉक में आयोजित ‘सेल250 वर्जीनिया’ समारोह में भाग लिया था। इस दौरान पोत ने दुनिया के विभिन्न देशों के बड़े जहाजों के साथ ‘परेड ऑफ सेल’ और ‘सिटी क्रू परेड’ में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
आईएनएस सुदर्शनी ने कोच्चि से नॉरफ़ॉक तक पांच महीनों में 13,000 समुद्री मील से अधिक की दूरी तय की है। यह समुद्री अभियान भारत की समृद्ध समुद्री परंपराओं और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को प्रदर्शित करता है। इस अभियान का उद्देश्य महासागरों के पार मित्रता, सहयोग और आपसी विश्वास को और मजबूत करना है।