बिलासपुर में भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

 

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। इसके पहले शुक्रवार सुबह से लेकर दोपहर तक मौसम साफ रहा। चिपचिपी गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया।

शाम को मौसम में बदलाव के साथ झमाझम बारिश हुई। वहीं जिले में बुधवार की शाम और गुरुवार की सुबह से हुई तेज बारिश का असर यह रहा कि तापमान में तीन डिग्री गिरावट दर्ज की गई, लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर में जून से अब तक 809 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

बिलासपुर समेत प्रदेश में शनिवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः मध्य छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। इसका प्रभाव बिलासपुर में भी होगा। वर्षा की गतिविधियां 25 अगस्त तक बनी रह सकती है।

दरअसल, शुक्रवार सुबह से लेकर दोपहर तक मौसम साफ रहा, जिसके चलते धूप निकल गई। गर्मी और उमस से लोग परेशान होते रहे। इसका असर तापमान पर देखने को मिला। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। गुरुवार को तापमान 28.2 डिग्री दर्ज की गई थी।

मौसम विभाग के अनुसार एक निम्र दाब का क्षेत्र पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग और इससे लगे उत्तर पूर्व झारखंड के ऊपर स्थित है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।

मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर बीकानेर, सीकर, ओरई, चर्क, डेहरी, निम्न दाब का केंद्र और उसके बाद पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर चेतावनी भी जारी कर दिया है।

Post a Comment

0 Comments