जल संरक्षण : जन जागरूकता में महिलाओं की रहेगी सक्रिय भागीदारी

गरियाबंद । जल संरक्षण की दिशा में केन्द्र सरकार द्वारा चलाये जा रहे महत्वपूर्ण कार्यक्रम जल शक्ति अभियान के तहत गरियाबंद जिले में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। जल बचाव के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने नारी शक्ति से जल शक्ति अभियान की शुरूआत जिले में हो गई है। कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा और कार्य योजना के संबंध में कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने जल संरक्षण के संबंध में जन जागरूकता लाने एवं जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के संबंध में लोगों को जागरूक करने महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर अग्रवाल ने बैठक में जल संरक्षण एवं संवर्धन, जिले के जल निकायों की गणना एवं जियो टैगिंग, जल शक्ति केन्द्रों की स्थापना, वृहद वृक्षारोपण, निष्क्रिय जल स्त्रोतों को पुनर्जीवित करने, छोटी नदियों-नालों को पुनर्जीवित करने एवं जल निकायों के आस-पास जल ग्रहण क्षेत्रों में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण करने की कार्य योजना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति से जल शक्ति अभियान जल बचाव के लिए महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने केन्द्र सरकार का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके तहत महिलाओं को जल संरक्षण के उपाय बताकर अपने आस-पास के लोगों को भी जल संरक्षण के लिए जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जायेगा। कलेक्टर अग्रवाल ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्व सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से जल शक्ति से नारी शक्ति अभियान में जुड़ने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिये। इस दौरान बैठक में जिला पंचायत सीईओ रीता यादव, ईई जल संसाधन विभाग एस.के बर्मन, ईई पीएचई पंकज जैन, ईई पीडब्ल्यूडी अनुज शर्मा, डीपीओ डब्ल्यूसीडी अशोक पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।


Post a Comment

0 Comments